Sunday, May 20, 2012

खामोश पल !!

तुम जो कुछ पल मेरे साथ रहें 
कुछ चुप-चुप से , बिना कहे 
अब वो बाते दोहराती हूँ 
खुद को  सुनती हूँ
समझाती हूँ ..
खुद ही चुप हो जाती हूँ ...
बिन बोले सब कुछ सुन पाती हूँ...

-अर्चना

Friday, May 18, 2012

आँखों की जबां...

ये सच है कि आँखें बोल देती हैं,
गर इश्क की जबाँ न हुई तो क्या हुआ ...

मिले हैं राहों में दोस्त सुकूं के लिए
गर जो हमारा कोई  न हुआ तो क्या हुआ...

निभा तो जाएंगे रस्में सारी हम
गर जमाने का दस्तूर न हुआ तो क्या हुआ....

Thursday, May 10, 2012

कहाँ से चले .....कहाँ आ गए...


सुहाना सा मौसम
गुलाबी स्वेटर
और तुम्हारी खूशबू!! 



चलो कहीं दूर
बातें बनाएं
मैं और तुम!!


क्या खोया तुमने
मेरा मन
मिलेगा तुमको फ़िर!! 


बचा है कौन
सिर्फ़ मैं
ना जाने क्यों!! 


एक तेरी याद
टूटे सपनें
और खामोश हम!!



छिटकी हुई चाँदनी
सूना मन
बिखरे सारे सपनें!!
 

छोटी सी बात
भीनी खूश्बू
और वो रजनीगंधा!!


आओगे न तुम
नहीं जानती
अभी तो जाउ!!

मेरा चाँद उजला
काली रात
अब न आयेगा!!



कहाँ से चले
बस करो
कहाँ आ गए...






Tuesday, May 8, 2012

जानती हूँ........

अब तक मुझसे
मेरा सब लेते रहे हो
मेरे हिस्से की धूप ले ली तुमने
मेरे हिस्से की छांह भी मांग ली
भटकती रही मैं ,और
तुमने पनाह भी मांग ली....
अब मेरी बारी आई है
जो लिया है तुमने
जानती हूँ
लौटा नहीं पाओगे
एक मन ही बचा था तुम्हारे पास
उसे भी किसी ने छीन लिया तुमसे
सुना है अब वो भी मर चुका
अमानत की तरह नहीं रख पाए तुम उसे अपने पास
चलो दिया तुम्हें सब कुछ...
शरीर का क्या है
आज मरा ..कल दो दिन !!!

Monday, April 30, 2012

मेरा आकाश ..मेरी आकांक्षा...

ये जो बादलों के टुकड़े हैं,उन्हें पकड़ना है
न जाने कितनी दूर से समेटना है
कुछ इतने भारी कि जगह से न डिगते
कुछ इतने हलके कि जगह पर न टिकते
रह रह कर जब वो उनको निरखती
सोचती,रूकती, फ़िर दौड पड़ती
तभी उसकी अपनी कुछ बूँदें बरसती
जब कभी वो हँसती,किसी को भिगोती
नहीं कोई किस्सा न कोई कहानी
हकीकत है ये,मेरी खुद की जुबानी
काश इन बादलों को जल्द ही मना लूं
जल्द ही अपने आगोश में छुपा लूं
साथ लूं सबको और रुक जाउं
साथ ही बरसूं और सुकूं पाउं....

Wednesday, April 25, 2012

हाए!!! क्यों ?

कमरे की खिड़की
गाड़ी का हार्न
और आँखों की चमक ...

भीनी -सी खुशबू
चादर की सिलवट
और चूड़ियों की खनक...

तुम्हारा देर से आना
मेरा मुँह फ़ेरना
और चॉकलेट आईस्क्रीम...

माँ का प्यार
रेशम की डोर
और आँखों की नम कोर...

लौटते पंछी
नीला आसमान
और डूबता सूरज......


Sunday, April 22, 2012

क्या तुम और क्या मैं !!!


शानदार आलीशान फ़ुटपाथ पर रहने वाले दो बच्चे सोनू और मोनू की बातचीत...

सोनू- और क्या भीड़ू ?

मोनू- मस्त है...अपनी बताओ..

सोनू- अपुन बी मस्त! ...आज शाम का क्या प्रोग्राम है?

मोनू- कुछ नई... वोSS..काका को छुट्टन को लेके दवाई दूकान पे जाने वाला है ,तो उसका ठेला देखने का है एक घन्टा ..उसके बाद फ़्री...क्यों?

सोनू- नई ..वो माँ को बुखार है, तो बंगले पे जाने का है,...सोचा ...मैं जब तक काम निपटाउँगा.... तू बाबू साब की कॉपी में चित्र बना देता.....

लघुकथा- अर्चना
 


ये  महज एक लघुकथा नहीं ....एक बहुत बड़ी-सी कथा है मेरे लिए....
शानदार आलीशान फ़ुटपाथ ....आजकल हर जगह सड़कों और फ़ुटपाथों के निर्माण की प्रक्रिया चालू है ....और घर बदलते कई परिवार नये फ़ुटपाथ पर बसते दिखाई दे जाते हैं ....
सुबह स्कूल जाने के समय पूरे परिवार की भागदौड़ी ...काम की तलाश ...बच्चों की बेफ़िक्री ....बड़े भाई-बहनों की गोद में रोते छोटे बच्चे ...जैसे दॄश्य आम हैं....
 और बाबूसाब की कॉपी.....माँ के साथ काम पर जाने वाले बच्चे की निगाह बँगले में रहने वाले बच्चे  की खेलने -पढ़ने की चीजों पर रहती ही होगी ..सोचती हूँ उनमें भी कई कलाकार छुपे होंगे....