Showing posts with label याद. Show all posts
Showing posts with label याद. Show all posts

Wednesday, July 12, 2017

छठी इंद्री

जब भी जुलाई का महीना आता है तारीखें सामने आती है और उनसे जुडी घटनाएं भी ..सबसे पहले सुनिल का जन्मदिन 13 को फिर 20 को पल्लवी का ....कितना सुखद संयोग बेटी और पिता का जन्मदिन जुलाई में और माँ और बेटे का अक्तूबर में.......
खुशी के साथ ही ये महीना दुःख भी ले आता है .....सब कुछ आँखों के सामने आ जाता है बिलकुल किसी फ़िल्म की कहानी की तरह ......
बाकि सब तो समय के साथ स्वीकार कर लिया ....लेकिन एक बात मुझे आज भी अचंभित करती है.....ये तब की बात है 1993 के जुलाई माह से कुछ पहले की शायद 1 महीने पहले से कई बार एक सपना आता जिसमें मुझे लगता की मैं नीचे की और सीढियाँ उतर रही हूँ..सीढ़ियों पर पानी बहते  जा रहा है,फिसलन है,बहुत भीड़ है बहुत लोग धक्का देते हुए उतर रहे हैं....मेरे साथ बच्चे हैं मैं उनको सम्भालते हुए उतरती  जा रही हूँ ..और बहुत  नीचे एक मंदिर है जहाँ दर्शन होते है ...सुनिल  पर गुस्सा भी करती जाती हूँ कि आप तो नीचे नहीं उतरे ऊपर से हाथ जोड़ दिए मुझे दोनों बच्चों को लेकर उतरना कितना कठिन हो रहा है ......भगवान कौनसे हैं ये दिखने से पहले सपना टूट जाता और मैं याद करती तो लगता बड़वानी के गणेश मंदिर जैसा जो कुँए के पास था....और आधे कुँए में उतरकर दर्शन करते थे ....सोचती ये तो वही मंदिर है जो भाभी के घर वाला है ...ननिहाल जाने पर बचपन से देखते रही हूँ...
लगता देखा हुआ है इसलिए सपने में दिखता होगा ...लेकिन जब सुनील के शिलाँग के पास  24 जुलाई को हुए  एक्सीडेंट की खबर 25 जुलाई को रांची में  मिली और बच्चों को छोड़  गौहाटी जाना पड़ा ....तब सुनिल 2 महीने कोमा में थे ...कोई चारा नहीं था सिवा प्रार्थना के ...वहाँ किसी ने बताया  कामाख्या मंदिर में जाओ.....तो मैं पहली बार गई उनके  लिए प्रार्थना करने ..जैसे ही मंदिर में प्रवेश किया ....हूबहू सपने वाली जगह लगी...और जब माताजी का दर्शन किया तो लगा  मुझे सपने में यही बहता पानी ....दिखता था .....2 महीने में बहुत बार गई....हर बार सपना सच्चा ही साबित हुआ ...बिलकुल वही मंदिर .....और एक बात कि उसके बाद कभी वो सपना नहीं देखा ....उनको  तो बचाकर लौटा नहीं पाई मैं ...लेकिन उसी शक्ति ने ...साहस भरा यहाँ तक आने का ....
हर जुलाई में ये घटना ताज़ी होकर याद आ जाती है ...क्या ये पूर्वाभास था ?छठी इंद्रीय द्वारा ......

Saturday, April 1, 2017

आ लगा किनारा

मेरे गाँव की नदी
सूख गई मेरे देखते-देखते
जाती थी माँ जहाँ-
कपडे का गट्ठर सिर पर रख
कपडे धोने
और बताया करती थी हमें-
बुआ के साथ की गपशप और किस्से

मैंने देखा था नदी को
गणगौर पर्व में और
संजा पर्व में -
जब विदा करती थी उसे
गले लगा -उसी नदी में

मेरी बेटी सिर्फ जानती है
कि मैं विदा किया करती थी
गणगौर और संजा

लेकिन उसकी बेटी?
अपनी "मायरा"?
सुनेगी कहानियों में-
गणगौर,संजा,नदी और नानी के किस्से!!!

Wednesday, October 19, 2016

अनवरत चलने वाली कहानी का चौथ वाला टुकड़ा

आज बहुतों के स्टेटस पढ़े ,उनके जिन्होंने करवा चौथ का व्रत रखा और उनके भी जिन्होंने नहीं रखा .... दोनों ने शान से बताया कि -रखा या नहीं रखा
जिन्होंने नहीं रखा उनके फोटो देखे कभी न कभी किसी न किसी व्रत का फोटो पोस्ट किया दिखा
जिन्होंने रखा फोटो पोस्ट कर बहुत खुश दिखी
खुश तो मैं भी हूँ बहुत। ..... अगर मैं कहूँ मैंने भी रखा तो ? .. (सजने की मनाही है व्रत की नहीं )..
हाँ .. हाँ सब सोचेंगे किसके लिए ?
. .
खैर !बताना जरूरी तो नहीं लेकिन...आत्मा तो अमर है
.. और फिर वादा तो आखिर वादा ही होता है... जन्मों के साथ का पर हाँ मेरे लिए गिफ्ट लेना न भूलना याद है न ! वो रोहिणी के पास वाली जगह हाँ तुम्हारे दोस्त चाँद की रोहिणी। ..
तुम भी तो अपने दोस्त के साथ रहते हो। ....
मिलती हूँ ,जल्दी ही। ..
अनवरत चलने वाली कहानी का चौथ वाला टुकड़ा

Thursday, August 4, 2016

ऋणी हूँ तुम्हारी मैं



जब भी सावन आता है मुझे उसकी याद आती है। ...

बात सन १९९३ जुलाई की है , मेरे पति सुनील के गंभीर एक्सीडेंट की खबर मुझे मिली , वे ऑफिस के कार्य से शिलॉन्ग गए हुए थे ,और मैं बच्चों के साथ रांची में थी। ... एक्सीडेंट के बाद उन्हें गौहाटी न्यूरोलॉजिकल रिसर्च सेंटर में लाया गया था
जब आनन-फानन में मुझे  बच्चों को छोड़ गौहाटी पहुंचाया गया तब मेरे साथ परिवार से सिर्फ एक चचेरे जेठ जी थे वे भी इसलिए कि मेरे पति की ही कंपनी में उच्च पद पर धनबाद में कार्यरत थे व सबसे जल्दी पहुँच सकते थे। ..
पहली बार हवाई जहाज की यात्रा इस तरह करूँगी ,कभी सोचा न था। .:-(
खैर ! ..जब हम गौहाटी पहुंचे तो वहाँ एयरपोर्ट से पहले कंपनी के गेस्ट हाउस में जाना तय हुआ , सामान रखवा कर अस्पताल के लिए जाने लगे तो मुझे एक कार में बैठाकर बताया गया की ये कर आपके ही साथ रहेगी इसकी ड्यूटी चावजी के लिए ही रहेगी आपको लाना-ले जाना या दवाई /ब्लड जिसके लिए भी जरूरत पड़ेगी ये ड्राइवर साथ रहेगा। .. नाम है विजय यादव। ..   यहीं का लोकल है इसे सारे रास्ते पता है। ..

मेरी माँ और भाई ४-५ दिन बाद पहुंचे थे ।

सुनील कोमा में थे और एक महीने पूर्ण कोमा में रहे, अगले एक महीने अनकॉन्शस कह सकते हैं। ..   हम वैसे ही वहाँ से लौटे और करीब साढ़े तीन साल जीवित रहे वे उसी अवस्था में । ...

... और आज मैं विजय को ही याद कर रही हूँ  --- एक अनजान लड़का

एक १९-२० साल का दुबला-पतला बिहारी लड़का  ... दिन-रात मेरे और मेरे परिवार के साथ लगा रहा। ..

हॉस्पिटल ,गेस्ट हाउस से करीब ७ किलोमीटर दूर था। .. हॉस्पिटल में रिसेप्शन काउंटर पर ही  बैठे रहना
पड़ता था क्यों कि आई सी यू में जाना  मना था।  खाने के नाम पर एक गुमटी थी बाहर जहां चाय-बिस्किट मिल जाते थे लेकिन बाद में पता चला कि उसे भी भाई ने एडवांस पैसे दिए थे तभी वो बिस्किट रख पाता था। ... वो भी बहुत गरीब था , हमारा एहसान मानता रहा अंत तक। ....

विजय दिन भर ब्लड लेने या दवाई लाने दौड़ता रहता मेरे परिजन के साथ.

..मैं   देर रात वापस लौटती करीब १२ या १ भी बज जाते। .. फिर सुबह ४ बजे तैयार हो जाती। ... नींद ही कहाँ थी तब आँखों में। .. :-(
बस भगवान की प्रार्थना का ही आसरा था। .  किसी ने बताया गौहाटी में शुक्राचार्य जी का स्थापना किया हुआ ब्रह्मपुत्र के किनारे शुक्रेश्वर महादेव का मंदिर है वहाँ म्रत्युंजय मंत्र का जाप करो ,किसी ने बताया कामाख्या मंदिर में ज्योत जलाओ। .... सब प्रयत्न किये। .और विजय मुझे हर जगह लेकर गया। .कोई मंदिर ,दरगाह न बची होगी उन दो महीनों में। . ... वो कहता दीदी चलो वहाँ चादर भी चढ़ाते हैं। .... वहाँ बहुत से शिवलिंग हैं ,जल चढ़ाएंगे। ... सब ठीक हो जाएगा। ..

तब श्रावण माह चल रहा था ,एक दिन उसने छुट्टी ली। ... हमें लगा उसको थकान हो गई होगी। ... लेकिन अगली सुबह वो जल और प्रसाद लेकर आया हॉस्पिटल में। ..बहुत पूछने पर बोला कर सारी रात कांवड़ लेकर बारिश में चला है , वहाँ कहीं पहाड़ी पर शिवलिंग पर ब्रह्मपुत्र का जल चढ़ाते हैं। ...
मेरे और मेरे परिवार के पास उसका ऋण चुकाने को कुछ शेष नहीं है। ..बस उसकी याद के सिवा। ...

मेरी माँ को हम मामी कहते हैं ,वो भी मामी कहने लगा और भाई को मुन्ना भाई। .... सुबह मेरे बाहर आने से पहले कार लेकर खड़ा रहता और रात मुझे गेस्ट हाउस छोड़कर ही घर जाता। ... फिर घर जाकर खुद खाना बनाकर खाता। .. कितनी  भी कोशिश कर लो वह अपनी ड्यूटी नहीं छोड़ता। .... खाना भी नहीं खाता कहीं और।

उसकी कार किराए पर ली थी कंपनी ने। ...और वो कार मालिक के यहां ड्राइवरी करता था। ....

एक महीने से ज्यादा ऐसे ही चलता रहा। ..उसका मालिक चाहता था कि  वो आराम नहीं कर पाता इसलिए उसकी जगह किसी और ड्राइवर को भेज देगा लेकिन वो नहीं मानता। ....

अपने बारे में उसने बताया था कि वो जब चौथी कक्षा में था, घर से भाग आया था ट्रेन में बैठकर , क्यों कि मास्टरजी मारते थे। . .. यहां पहुँच गया। ... ऐसे ही कुछ-कुछ काम करते-करते चार-पांच सालों से मालिक के पास टैक्सी चलाता है। ..उल्का वालों (नाम अब याद नहीं) के लिए भी जाना पड़ता है कभी-कभी। .... मुझे आप लोग मेरे घर के लगते हैं। ... बस! इसलिए कहीं जाना नहीं चाहता। ....  एक महीने से भी ज्यादा वो हमारे साथ रहा। ...

लेकिन आखिर उसे मालिक ने सख्ती करके गौहाटी से बाहर भेज ही दिया। .. जब दो महीने बाद हमें वहाँ से शिफ्ट होना था उसे कहीं से खबर लगी। ..उससे एक दिन पहले  मैं और मेरा भाई हॉस्पिटल के बरामदे में व्हील चेअर पर सुनील को बैठाये घुमाने की कोशिश कर रहे थे उसने पीछे  से आकर मेरे हाथ से व्हील चेअर पकड़ ली। ..... अरे तुम ! कहते हुए हम आश्चर्य से उसे देख रहे थे बोला- शिलॉन्ग से चार दिन की ट्रिप लेकर लौट रहा था। .. मेन  रोड पर टैक्सी खड़ी कर दी है। ..साहब  को आधे घंटे में लौटता हूँ कहकर आया हूँ मिलने। ये नहीं बताया कि यहां आया हूँ ....

आप लोग चले जाएंगे। ..... अच्छा नहीं लगेगा। ..जीजाजी भी ठीक नहीं हुए :-( कहते हुए उसकी आँखों में आंसू आ गए थे और मेरी भी। ...

फिर कभी मिलना नहीं होगा। .... मुन्ना भाई को मेरा घर देखने ले जाऊंगा। .... मुन्ना गया उसके साथ। ... माँ ने उसके लिए शर्ट -पेंट का कपड़ा खरीदवाया था,उसे देने को, लेकिन उससे पहले ही उसके मालिक ने उसे हटा दिया था  मेरी कंपनी की ड्यूटी से। .. मुन्ना कपडे भी लेकर गया उसके। ... उसे दिए ,उसके घर जाकर। ...

और आखरी दिन जब हम बम्बई/बॉम्बे .. अब मुम्बई जसलोक में शिफ्ट हो रहे थे ,वो विदा करने नहीं आया। ...

पता भी लिखवाया था बिहार अपने गाँव का। ..अभी वो डायरी भी नहीं मिल रही मुझे, न याद आ रहा है उसके गाँव का नाम  ...

कहा था उसने किसी दिन ट्रक लेकर आपके इधर से निकलूंगा तो आपसे जरूर मिलूंगा। ..मगर वो दिन अब तक नहीं आया। ..
हम लोग गौहाटी के बाद १९९३ से १९९५ तक समय के चक्र में ऐसे फंसे थे की पलट कर देखने का समय ही नहीं मिला। ...इस बीच एक बार उसकी चिट्ठी भी आई थी हाल-चाल पूछे और बताये थे। ....

हमने कभी उसे खोजने की कोशिश नहीं की। ..जाने कहाँ होगा अब ... आस है कि  कभी मिले। ...

विजय जहां हो खुश और अपने परिवार के साथ सुखी हो। ... 

Tuesday, July 26, 2016

फिर मिलेंगे ...

एक पुराने फोटो के सामने आने पर गौर किया -

बेटे का ध्यान माँ  पर है और बेटी का पापा पर .... 




1992 में 
और ये टी शर्ट अब तक है मेरे आलमारी में -

26 जुलाई 2016 में 



बिछुड़ने के पल

होते हैं उदासी भरे
और शुरू होता है
यादों का कारवाँ यहीं से



एक आस टूटती है
एक साँस छूटती है
और हो जाता है सफर 
शुरू अनन्त का



न ओर है ,न छोर है
बस! तुम्हारे प्रेम की डोर है



आउँगा वापस
सिर्फ़ तुम्हारे लिए
तुम न रोना
न उदास ही होना
उम्मीद का दामन
थामें रखना
इसी जगह
इसी तरह



हम किसी भी पल
फिर मिलेंगे ...



-अर्चना

Sunday, July 24, 2016

क्या लिखूँ क्या छोड़ूँ

आज के दिन हुई थी वो खतरनाक दुर्घटना ...सिर्फ लोगों से सुना जिसके बारे में ......कल्पना से परे कोई बात घटती है तो मन पर गहरा असर करती है.... लाख समझाऊँ खुद को पर सच तो ये है की हूबहू वही सब फिर याद आता है,आँखों के सामने घटता है .......नहीं भुलाए जा सकते कुछ लोग ,कुछ रिश्ते ........

हादसे होना मनुष्य जीवन की समान्य घटना है...

चाहे जितने दे ले गम
बड़े प्यार से झेलें हम

दिया है तूने इतना दम
हिम्मत होगी कभी न कम

उजली राहें ढ़क दे तम
पग पग चलते निकलेंगे हम
गिरती बूंदें गई हैं थम
भले ही पलकें अब भी नम

मिलने आए हमसे "यम"
मिलकर हममे गये हैं रम
चाहे जितने दे ले गम
बड़े प्यार से झेलें हम
----
चाय का शौक और हँसी अब भी बरकरार है ...... नो शिकायत ...

Tuesday, February 2, 2016

कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन



5जनवरी २०१६ को स्कूल को अन्तत: विदा कर दिया ...वास्तव में इस सत्र के शुरू से ही घर में चर्चा चालू थी कि अब और काम न करो बेटे वत्सल को भी लगने लगा था कि अब तक हमने साथ समय ही नहीं बिताया ..मतलब वैसा समय जैसा बिताना चाहिए था .....
सात साल बहुत कम उम्र होती है बच्चे के बड़े हो जाने की ... और वो इतना शरारती था कि आज भी सब उसका बचपन याद करते हैं और जब भी मुझे कोई मिलता है यही पूछता रहा कि अब भी वैसा ही है या शान्त हो गया ....
उसका जन्म व्यतिपात में हुआ , ग्रह ,नक्षत्र तो कुछ समझती नहीं मैं लेकिन जन्म के समय शान्ति पूजा करवाई थी मां के यहाँ ....
जब छोटा था तो कभी गरम ओवन पर हाथ रख दिया तो कभी तेल का १५ लीटर का तेल उंडेल दिया , कभी पल्लवी के ऊपर कंबल डालकर उसकी कुटाई कर दी तो कभी स्केच पेन को पानी में घोल कर होली के रंग बना लिए .... 
लेकिन उसकी समझदारी वाली बातों पर कम ही नज़र पड़ी मेरी .... 
सुनिल के एक्सीडेन्ट के समय करीब चार महीने तक बच्चों की स्कूल छूट गई थी, तब बहुत समय अस्पताल में बीतता दोनों बच्चों का ... लगभग पूरा दिन..... 
एक दिन मैंने उसे छोटी बहन पल्लवी को कहते सुना कि -पता है अब शायद हम स्कूल नहीं जा पाएंगे , क्योंकि पापा की दवाई में बहुत बार मम्मी पैसे देती है .....रोज-रोज .... 
और उसके दूसरे ही दिन मैंने नागपूर में मार्डन स्कूल के प्रिंसिपल साहब जोशी जी से मिलकर बच्चों  को स्कूल भेजना शुरू कर दिया ,बिना किसी देरी के ..... 

याद आ रहा है रिक्शे वाले भैया का ये कहना कि- दीदी ये रिक्शे से उतर जाता है पीछे-पीछे दौड़ता है .... और पल्लवी का उसके बचाव में ये कहना कि- मम्मी भैया चढ़ाई पर ही उतरता है .......
अब तो बहुत बड़ा हो गया है ..:-)
अब वाकई लगने लगा कि हम साथ नहीं रहे ..समय नें हमें बतियाने का मौका ही नहीं दिया .... 
तो अबकि  अपनी दुनिया में लौट जाने का मन हो आया है ..... 
उससे उसके बचपन के किस्से कहने हैं ..... 

Sunday, July 19, 2015

पूर्वाभासी सपना

जब भी जुलाई का महीना आता है तारीखें सामने आती है और उनसे जुडी घटनाएं भी ..सबसे पहले सुनिल का जन्मदिन 13 को फिर 20 को पल्लवी का ....कितना सुखद संयोग बेटी और पिता का जन्मदिन जुलाई में और माँ और बेटे का अक्तूबर में.......
खुशी के साथ ही ये महीना दुःख भी ले आता है .....सब कुछ आँखों के सामने आ जाता है बिलकुल किसी फ़िल्म की कहानी की तरह ......
बाकि सब तो समय के साथ स्वीकार कर लिया ....लेकिन एक बात मुझे आज भी अचंभित करती है.....

ये तब की बात है 1993 के जुलाई माह से कुछ पहले की शायद 1 महीने पहले से कई बार एक सपना आता जिसमें मुझे लगता की मैं नीचे की और सीढियाँ उतर रही हूँ..सीढ़ियों पर पानी बहते  जा रहा है,फिसलन है,बहुत भीड़ है बहुत लोग धक्का देते हुए उतर रहे हैं....मेरे साथ बच्चे हैं मैं उनको सम्भालते हुए उतरती  जा रही हूँ ..और बहुत  नीचे एक मंदिर है जहाँ दर्शन होते है ...सुनिल  पर गुस्सा भी करती जाती हूँ कि आप तो नीचे नहीं उतरे ऊपर से हाथ जोड़ दिए मुझे दोनों बच्चों को लेकर उतरना कितना कठिन हो रहा है ......भगवान कौनसे हैं ये दिखने से पहले सपना टूट जाता और मैं याद करती तो लगता बड़वानी के गणेश मंदिर जैसा जो कुँए के पास था....और आधे कुँए में उतरकर दर्शन करते थे ....सोचती ये तो वही मंदिर है जो भाभी के घर वाला है ...ननिहाल जाने पर बचपन से देखते रही हूँ...
लगता देखा हुआ है इसलिए सपने में दिखता होगा ...

लेकिन जब सुनील के शिलाँग के पास  24 जुलाई को हुए  एक्सीडेंट की खबर 25 जुलाई को रांची में  मिली और बच्चों को छोड़  गौहाटी जाना पड़ा ....तब सुनिल 2 महीने कोमा में थे ...कोई चारा नहीं था सिवा प्रार्थना के ...वहाँ किसी ने बताया  कामाख्या मंदिर में जाओ.....तो मैं पहली बार गई उनके  लिए प्रार्थना करने ..जैसे ही मंदिर में प्रवेश किया ....हूबहू सपने वाली जगह लगी...और जब माताजी का दर्शन किया तो लगा  मुझे सपने में यही बहता पानी ....दिखता था .....2 महीने में बहुत बार गई....हर बार सपना सच्चा ही साबित हुआ ...बिलकुल वही मंदिर .....और एक बात कि उसके बाद कभी वो सपना नहीं देखा ....

उनको  तो बचाकर लौटा नहीं पाई मैं ...लेकिन उसी शक्ति ने ...साहस भरा यहाँ तक आने का ....
हर जुलाई में ये घटना ताज़ी होकर याद आ जाती है ...

क्या ये पूर्वाभास था ?छठी इंद्रीय द्वारा ......