बच्चा छोटा हो तो सबसे पहले बोलने की कोशिश में म के बाद ब शब्द ही बोलता है,म से मां, मामा आगे बढ़ता है,और ब से बा और बाबा ... तब बाबा घरेलू न्याय किया करते थे ...
मामा से डर नहीं लगता मगर बाबा शुरू से डराने की कैटेगरी में शामिल हो जाते हैं ...
बाबा .....साधू बाबा ..को देख देख कर बड़े होते हुए हम अब ...स्वतंत्र लोकतंत्र में लोकतांत्रिक बाबा से डरने लगे हैं ...डरें भी क्यों नहीं ..बड़ी साधना करते हैं ये साधन जुटाने में ......
.इनके दिन ब दिन कारनामें,चमत्कार से कोई काम होते हैं क्या? किसी को अंदर-बाहर करते करते किसी को कब गायब कर देते हैं कोई कभी जान नहीं पाया अब तक .....इनका पावर सदा बढ़ता हुआ ही प्रतीत होता है ...जितने भी पुराने बाबा होते जाते हैं अपने चेले चपाटों को अपनी थोड़ी थोड़ी पावर बाँटते रहते हैं ,हालांकि ये भी उतना ही सच है कि यही चेले चपाटे एक दिन अपने बाबा को रौंदते हुए ऊपर कूच कर जाते हैं फिर अंत बड़ा दर्दीला हो जाता रहा है ऐसे लोकतांत्रिक बाबाओं का ....
राम भरोसे रहने वाले इन बाबाओं के नामों में कभी राम आगे तो कभी पीछे जुड़ा रहता है कभी कभी राम अपने साथी रहीम को भी जोड़ लेते हैं कभी देव को ...लोगों को ये राम राम करवाते रहते हैं जाने कितने अपनी रामरोटी इनके भरोसे सेकते हैं ....आशा रहती है राम सब भला करेंगे पर न आशा बचती न आशाराम ...रोटी सेकते हुए ....
फिर लोकतंत्र में जो जाने लोक के तंत्र का मंत्र वो बाबाओं की अलग केटेगरी को प्राप्त कर लेता है यानि मंत्री कहलाता है ...इनके दिमागी फितूर भी बाबाओं से बीसा ही होते हैं .... अब लोकतांत्रिक बाबाओं का जमाना आ गया है ....न राम रहे न रहीम न कोई साधू न बापू.....
न न्याय न न्यायपालिका,न साध्वी न साधिका ....
अब बचा है बस डर जनता के दिल में ....
लोकतंत्र भी लोकतांत्रिक बाबाओं की चपेट में हैं .....
हम भी जपें या कहें राम राम ,आप भी जपें या कहें राम-राम ....
#व्यंग्यकीजुगलबन्दी
न गज़ल के बारे में कुछ पता है मुझे, न ही किसी कविता के, और न किसी कहानी या लेख को मै जानती, बस जब भी और जो भी दिल मे आता है, लिख देती हूँ "मेरे मन की"
Sunday, April 8, 2018
लोकतांत्रिक बाबा
Sunday, August 13, 2017
छेड़छाड़ का चरमानंद
छेड़छाड़ शब्द भ्रष्टाचार मोहल्ले की गड़बड़ की बिरादरी का है,मतलब इधर-उधर की गली में रहने वाला कह सकते हैं, प्रथमदृष्टया पढ़ने पर लड़के द्वारा लड़की को छेड़ना ही दिमाग में आता है क्योंकि सबसे ज्यादा प्रचलन यानि प्रचार इसी के द्वारा हुआ,परंतु परेशान करने से ज्यादा हेरफेर होती है क्या इस शब्द से... जाँच का विषय हो सकता है ...
हेरफेर को समझें जाँच से -यदि कोई व्यक्ति अपनी जाँच किसी पैथोलॉजी में करवाता है और उसके दिए नमूने से छेड़छाड़ हो गई तो समझो अच्छा खासा व्यक्ति भी केंसर का बीमार घोषित हो सकता है ये तो हुई सिर्फ डॉक्टरी पेशे की बात यदि वकालात का पेशा हो तो फाइलों के साथ छेड़छाड़ भले आदमी को सलाखों के पीछे पहुँचा सकती है,यदि शिक्षा जगत की बात हो तो आप बिना पढ़े कई डिग्रियों के स्वामी बन सकते हैं सिर्फ छेड़छाड़ करवा के अपनी उत्तरपुस्तिकाओं में ....😊
आजकल और आगे बढ़ गया है साइंस -आप डी एन ए रिपोर्ट तक से छेड़छाड़ करवा कर किसी के पुत्र साबित हो सकते हैं या जिम्मेदारी से मुक्त हो सकते हैं ...
आजकल लेखन में छेड़छाड़ भी चरम पर देखने को मिलती है,किसी के लिखे की पंक्तियों में छेड़छाड़ कर खुद को लेखक साबित करने लगे हैं लोग और तो और अब हाथ का लिखा तो इतिहास की गर्त में समाने लगा है, कॉपी पेस्ट के जमाने में छेड़छाड़ को आसान राह मिल गई तो चरम के भी चरमानंद को प्राप्त करने की होड़ मची है ...
Sunday, July 23, 2017
एडवेंचरस बाढ़
सबकुछ बहा कर ले जाये,वो बाढ़, उथलपुथल मचा कर रख दे,वो बाढ़, तहस नहस कर दे,वो बाढ़, यहाँ से उठाकर वहाँ पटक दे वो बाढ़, बाढ़ नाम ही दहशत का प्रतीक है,जब भी आती है इंसान,जानवर,सजीव,निर्जीव किसी में कोई भेद नहीं ।
बाढ़ करती है तांडव जैसे शिव ने किया ,तबाही मचा देती है, बाढ़ शब्द अतिरेक का है, लेकिन बाढ़ के बाद क्या और बाढ़ क्यो?बाढ़ शब्द से पहला अर्थ पानी के बढ़ने से ही लगाया जाता है ,बरसात के मौसम में नदी नाले उफान पर आ जाते हैं जमीनी असंतुलन होने,तेजी से बढ़ते पर्यावरण असंतुलन के कारण नदियों में जब इधर उधर न जाने किधर किधर से आकर पानी आकर समाने लगता है तो किनारे न बंधे होने से बाढ़ की स्थिति आ जाती है नदी को भी लगता है सालभर तो सूखे ही रहना है सबको लपेट लें चलो सो जहाँ तक हाथ मार सकती है मार देती है ... वैसे मौका मिलने पर हाथ कौन नहीं मारना चाहता, ज़रा सोचिए, बचपन से लेकर अब तक आपने कब और कहां हाथ मारा ,स्कूल पेंसिल ले जाना भूल गए साथी की टेबल से हाथ मार उठा ली,भूख लगी टिफिन पर हाथ मार दिया,अकेले हैं साथी की पीठ पर मार दिया दुकानदार बने ,हाथ मार दिया,राजनेता बने जहाँ तक बस चला बस हाथ ही मारते रहे.... समेट लिया सब अपनी बाढ़ में .... खुद तो इठला कर चले और पलट कर भी न देखा, बाढ़ के बाद देखने को कौन पलटा है .... जंतर मंतर पर इंसानी बाढ़ देखी,उसके बाद का मंजर देखा,देखते ही जा रहे हैं ,सब तितर- बितर हो गए......सरदार सरोवर देखा ...हरसूद खत्म ... केदारनाथ देखा ...रामबाड़ा खत्म... जंतर मंतर देखा ..अन्ना खत्म ......बाढ़ में भी एडवेन्चर तलाशते हैं लोग...घोटालों की बाढ़ ,एडमिशन की बाढ़ याद होगी व्यापम की ...
लेकिन खत्म होने के बाद कि शांति ज्यादा डरावनी होती है बाढ़ के बाद की .... खत्म हो जाने के बाद नई ताकत झोंकना पड़ती है,आदमी को जानवर को पेड़पौधों को नए सिरे से जीवन शुरू करना होता है , अब हाथ मारने वाली बात खत्म होकर हाथ बढ़ाने/देने की बात होने लगती है ....बाढ़ की तबाही मेलमिलाप बढ़ा देती है, जो कल तक अपने नहीं होते, वे अपने होने लगते हैं, जिसकी पूछपरख नहीं होती अगर उसने हाथ बढ़ा दिया तो उसकी पूछ परख होने लगती है ....फिर से उठ खड़े होने को बाढ़ जरूरी है, सड़ा-गला बहा ले जाने को बाढ़ जरूरी है....प्रकृति में संतुलन चाहे पेड़पौधे हों,जीवन हो,या आदमी के स्वभाव में संतुलन की बात हो बाढ़ आते रहनी चाहिए ,तबाही तो वैसे ही होनी लिखी है मरना तो सबको है ही तो बाढ़ के बाद का जीवन जीकर ही सही .......
आखिर एडवेन्चर का जमाना है ....
Friday, July 14, 2017
Saturday, July 8, 2017
बरसात
घड़ घड़ घड़ घड़ करते उसने शोर मचाया, मैं जानती थी ये बादल का इशारा था ये कि -भाग लो,समेट लो, जितना बचा पाओ बचा लो ,अब बरसा दूंगा , मैंने ऊपर देखा गोरे बादलों की जगह काले बादलों ने ले ली थी ,H1 B1 का कोई चक्कर नहीं था उनके बीच ... मैनें नीचे देखा खेती वाली जमीन के फटे होंठ मुस्कुराने को तैयार थे, लेकिन सड़कें डरी सहमी चेचक के दाग लिए बैठी थी ...बैठी क्या कुचली जा रही थीं ... नदी रास्ता देख रही थी कब झरने उसको बेटन दें और वो अपने हिस्से की दौड़ लगाएं, वहीं झीलों में टीनएजर्स वाली बेसब्री दिखने लगी,थोड़ी दूरी पर झील की बाउंडरी से सटे किनारे पर बीपीएल के पते वाली जनता के बच्चे अपने आसरे के बाहर कुत्तों के पिल्लों समेत दिखे वे उनको छत के नीचे सुला रहे थे। मैनें फिर ऊपर नज़र उठाई देखा मेरे साथ बादल भी ये देख रहे थे वे आपस में गुथ्थमगुथ्था हो रुक से गये बूँदे ऐसे गिरने लगी जैसे कोई धक्का दे गिरा रहा हो, कुत्ते के पिल्ले को छुपा कर बैठे सल्लू को हाथ से खींच कर उसकी माँ ने अपनी खोली में खींच लिया,बाजू की 12 मंजिली मल्टी के छत पर कुछ जोड़े दिखाई दिए हाथ फैलाकर भीगते हुए, एक तरफ बचाव था तो एक तरफ स्वागत ... लेकिन बादलों ने बरसने को तैयार बून्दों को समझा कर फिर समेट लिया फिर किसी दिन बरसा देने का वादा करके ....बरस चुकी बूँदे सल्लू के माँ -बाप की और जमीन के फटे होंठ को सहलाते किसान की आंखों में समा गई ....
Sunday, July 2, 2017
संजय झा मस्तान के लिखे व्यंग्य - "मैं टॉपर कैसे बना " का पॉडकास्ट
Wednesday, June 28, 2017
रविशंकर श्रीवास्तव जी के व्यंग्य का पॉडकास्ट
व्यंग्य की जुगलबंदी के अंतर्गत "खेती" विषय पर लिखे गए रविशंकर श्रीवास्तव जी
के ब्लॉग "छींटे और बौछारें " पर प्रकाशित व्यंग्य -
भारतीय खेती की असली, आखिरी कहानी
यहाँ सुनिए -इसे आप यहां भी सुन सकते हैं -
हास्य-व्यंग्य पॉडकास्ट - जुगलबंदी - खेती
Sunday, June 25, 2017
योगा के योगी
सुबह उठते ही नाक लंबी लंबी साँसे लेने को व्याकुल हो उठती है ,जीभ फडफडाकर सिंहासन करने को उग्र हो जाती है, गला दहाड़ कर शेर से टक्कर को उद्दत होने लगता है , बाकी शरीर मरता क्या न करता वाली हालत में शवासन से जाग्रत होने पर मजबूर हो जाता है बेचारा, योग की आदत के चलते ...
योग का मतलब प्राणायाम युक्त शारीरिक व्यायाम ज्यादा अच्छा है समझने को , अब समझें प्राणों का आयाम ...
सिर्फ सांसो का आना जाना जीवन नहीं , उसका उछलना,कूदना डूबना,उतराना,चढ़ना, उतरना ,भागना,रूकना जी-वन है, इस हर क्रिया में शरीर को चुस्त दुरुस्त बनाये रखना योग का एक भाग हो सकता है ।
योग का एक मतलब जोड़ भी होता है उस अर्थ में एकाग्रता को केंद्र में रखा जा सकता है कि प्राणवायु के साथ शरीर और मन जुड़कर रहे ,जुड़े रहकर सबको जोड़े रह सकें।
योग व्यंग्य का विषय तो नहीं होना चाहिए पर बना दिया गया ।
पहले योग में सब कुछ त्याज्य की भावना प्रबल थी अब ग्राह्य भावना का जोर है ,जोड़ने के नाम पर सबसे पहले योग में मात्रा जोड़ योग को योगा बना लिया गया, फिर नंगधडंग शरीर को ढँकने के यौगिक वस्त्र अपनाए जाने लगे , दरी की जगह मेट ने ली जिसके गोल गोल रोल ही उठाए जा सकते हैं जो दृष्टिगोचर होते रहें जिससे दूर से ही व्यक्ति यौगिक लगे।
बचपन में जबरन योग शिविर में जो कुछ सीखा वो भी इसलिए कि बाकी लोग वो आसन नहीं कर पा रहे थे पर मन पर असर कर गया।
मुझे याद है जब छठी कक्षा में थी एक योगी आया था स्कूल में अपने योग का प्रदर्शन करने ,हमारी कन्याशाला थी ,सब लड़कियों को एक हॉल में इकठ्ठे किया गया और करीब 2 घंटे तक उसने भिन्न भिन्न क्रियाएं और आसन करके दिखाए थे,जब उसने अपना पेट उघाड़ के आँतड़ियों को मथते हुए दिखाया सब मुँह दबाकर हंसने लगे थे लेकिन उसका तेजोमय चेहरा आज भी उसकी याद दिला देता है,जो आंतरिक तेज से जगमग था शायद....
आज लोग खा पीकर मोटापे से त्रस्त हो रहे हैं और योग बाबाओं की भरमार हो गई, योग भी वस्तु की तरह बाज़ार में आ गया ..और चेहरे को तेजोमय बनाने की यौगिक क्रीम ,तेल उपलब्ध हैं ...शरीर पर असर करने से ज्यादा जेब पर असरकारी हो गया योग और चेहरे का तेज आंतरिक न होकर बाह्य रह गया ....समय और सत्ता परिवर्तन के चलते कालांतर में राजनीति भी सीख लिए योगी...
परिणाम स्वरूप बन गया - यही व्यंग्य का विषय !!!
Sunday, June 18, 2017
एक साधारण से गली क्रिकेट के प्लेयर की कहानी
रोज मॉर्निंग वॉक पर घूमने जाने पर वे एक फ्लैट की खिड़की से बाहर देखते हुए दिखते हैं शाम को भी वे उसी खिड़की पर बैठे सामने दिख रहे मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों को देखते रहते हैं ....
एक समय था जब वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हुआ करते थे ,अपने शहर के ।अपने जवानी के दिनों में बहुत नाम कमाया इस खेल से उन्होंने, कहते हैं कि खूबसूरत तो बला के थे ही स्टाईलिश भी कम न थे, कभी लंबे बाल तो कभी छोटे बाल ,कभी हेट का स्टाईल तो कभी टोपी का स्टाईल बदलते ही लोग दीवाने हो जाते उनके ,खेल तो खैर जो था सो था,क्रिकेट के खेल में चल गए तो चल गए कभी बल्ला बोला तो कभी बॉल बोली लेकिन अगर दोनों न बोले तो लोगों की गालियां तो बोलती ही हैं ....सुनने को जरूर कुछ मिलता है अपने बारे में अच्छाई हो या बुराई अखबारों में जगह पक्की समझो।भले लोकल न्यूज ही क्यों न हो
गावसकर के बाद कपिल और सचिन से होता हुआ ये खेल हर भारतीय पुरुष का अपने गोत्र की तरह चिपका हुआ खेल बन गया ।खुद उसे पता ही नहीं चल पाता कि कब बॉल और बेट उसके हाथ में पकड़ा दिया जाएगा,कब गली के भैया की बॉल दौडदौड कर फेंक कर वापस देने के कारण उसे टीम का मेम्बर बनने का चांस मिल जाएगा, और माँ -पिता के घिसे-पिटे संस्कारित प्रवचनों से छूटने का इतना आसान मौका मिलेगा हर दिन मैच खेलने के बहाने ....
ये सोचते सोचते कि बस इस बार जिले से आगे स्टेट टीम में चुने गए तो और आगे कभी न कभी रणजी में तो चुन ही लिए जाएंगे पढ़ाई लिखाई ताक पर रखी रही ,सिलेक्शन न होना था न कभी हुआ ।
घरबार की जिम्मेदारी के चलते उसी मैदान में कोच बन गए ,समर केम्प चलाने लगे ,सोचते बस एक सचिन निकाल दें किसी तरह तो जिंदगी संवर जाए ...और कभी कोई दूसरा सचिन न निकला .....
अब बच्चों के भरोसे हैं, बैठे रहते हैं खिड़की से चिपके..
Monday, June 12, 2017
कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन
हमने लिखने की कोशिश की खेती पर तो वर्चुअल दुनिया में गुम हो गए ,लिख न पाए हाथ में कलम की जगह गन्ना महसूस होने लगा ...और किसी तरह की सुझाई गई खेती की ही न जा सकी इसके बाद ....
नहीं लिखना आया, नहीं लिख सकी, पिता ही आंखों के सामने आते रहे, सिर्फ खेती को लहलहाते देखा ,पिताजी रोज खेत पर जाते थे जो करीब 12 किलोमीटर दूर था याद नहीं एकड़ में कितनी खेती थी,और वापसी में ताज़ी सब्जियां ,भाजियां लाते उनमें से कई भाजियां तो अब मिलती ही नहीं जो दादी माँ से बनवाती थी ,जब छोटी थी तो जिद्द करती मोटरसाइकिल "राजदूत" पर आगे बैठने की मोटरसाईकिल पर पिताजी आगे बैठा लेते,और हेंडल पकड़ाते पकड़ाते कब चलाना सीखा दिया मुझे पता ही नहीं लगा, नदी में पानी बहुत कम होता तो जब मोटरसाईकिल तेजी से निकालनी पड़ती तो दोनों ओर उड़ते फव्वारें की बौछार में जो मजा आता, अब दुनिया के किसी वॉटरपार्क में नहीं महसूस किया या कराया जा सकता ,जब नदी में थोड़ा ज्यादा पानी होता तो बैल जोतकर छकड़े पर जाते ,कई बार बैलगाड़ी से बनी हवाई पट्टी के बीच दौड़ लगाती ऊपर उड़ती चिड़िया से रेस लेकर ,रास्ते में बेर की झाड़ियां रोक लेती और चिड़िया से हार जाने का बहाना मिल जाता....
खेत में चारों ओर मेड़- मेड़ हम घूमते कभी उंगली पकड़ ,कभी ऊंची फसल के बीच लुकाछिपी खेलते ,
साथ -साथ कच्ची सब्जियां ककड़ी,भिंडी,गाजर,मूली उखाड़ खाते जाते पानी के लिए एक गन्ना या टमाटर....
आम के बोरे आते खेत से घर , सब मिल चौक में आम चूसते, आपस में कॉम्पिटिशन करते
जब कपास आता तो कमरे में स्टोर बना दिया जाता , छुपा छाई खेलते ,कपास पर कूदते जब दादी डंडा लाती तो कपास के अंदर छुप जाते
मूंगफली आती को दादी नापकर ढेर बनाकर उसको हाथ से फोड़कर उसमें से दाने निकलवाती, कहती इतना ढेर खत्म होने पर खेलने मिलेगा या कोई और लालच देती ...
... बड़ा सा कुआं खुदवाया तो उसमें नीचे उतर कर पूजा करना आज भी याद आता है ,भुटटे,चने गेंहू निकलते तो सारा परिवार दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गांव जाता
घर में गाय भैंस की साज संभाल भी तभी सीखी...
अब कुछ नहीं....
सब बंट गया न वो खेत रहा न घर का चौक...
अब सब कुछ मिसिंग....😢
अपने बच्चों तक को ये अनुभव नहीं करवा पाए तो अब उनके बच्चों को कहानियों में भी शायद ही समझा पाएं
मैं तो सिर्फ शौकिया किसान की बेटी रही ....
गांव में खेत पर जो काम करते थे वो अब तक हैं उनके बच्चे भी वही काम करते हैं अब जो बचा हिस्सा है उस पर काम करते है ......
आज के किसान के बारे में क्या लिखूं -
अखबार शायद ही कोई किसान पढ़े जिसमें उसकी आत्महत्या की खबरें छपती है ,धरने प्रदर्शन चक्का जाम करके न तो फसलें उगाई जा सकती है न पशुधन की साज संभाल ही हो पाती होगी
जिसका बचपन खेती करते हुए बीता हो, जवानी खेती देखते हुए, और बुढापे तक जिसके पास खेती सपने में आने जैसी बचे असल में वही किसान का दर्द समझ सकता है , उपवास करके पेट की भूख को मारा ही जा सकता है,भरा नहीं जा सकता ....
Sunday, June 4, 2017
हमको भी बनना है - टॉपर
टॉप कभी किया नहीं तो सोचना पड़ेगा , गुड -बेटर- बेस्ट पढ़ा था 9वीं क्लास में शायद , खूब रटा था रे बाबा, ये टॉपर भी बेटर का भाईबंदी होगा ,पर फिर टोपेस्ट कहाँ ,किस मेले में गुम हो गया होगा?खैर! हम हिंदी मीडियम वाले,अंग्रेजी शब्दों को समझने के लिए जात -पात के फंडे को अपनाते हैं ,जैसे बच्चों का चेहरा माँ-बाप से मिलता -जुलता लगता है वैसे अंग्रेजी भी एक फेमेली वाले मिल जाते हैं, और संधि-विच्छेद करके समझें तो टॉप पर ,अब टॉप पर तो एवरेस्ट की चोटी के बारे में पढ़ते समय ही जाना था कि सबसे ऊंचाई पर टॉप होता है जो उस पर चढ़ जाए उसी को टॉपर कहते होंगे , सोचो कोई एवरेस्ट की चोटी अगर नीचे कर लें तो ....भारतीय जुगाड़ियों का कोई भरोसा नहीं ,कुछ भी कर सकते हैं, व्यापम नहीं सुना क्या? 😊 आज तक पता न चल पाया कि टॉप पर था कौन जो इतनों को ऊपर से लटका के छोड़ दिया .... कई तो लटके लटके ऊपर चले गए पर टॉप पर न पहुंच पाए....
टॉप पर संजीवनी बूटी बहुतायत में मिलती होगी शायद तभी इतनी मेहनत से पहुंचने की जुगाड़ में लगे रहते हैं जुगाड़ी....
इन दिनों हमको भी चस्का हो आया है टॉपर बनने का,पकड़ लिए हैं जुगलबंदी की रस्सी ,अभी लटके हुए हैं,अनुभव के साथ उम्र का लफड़ा न होता तो पहुँच चुके होते अब तक ....टॉप पर, कहलाते - टॉपर ......
Sunday, May 28, 2017
चाहिए मानहानि हर्जाने के हिसाब के लिए योग्य नेताजी
बचपन में दादी से कहानी सुनाने को कहते तो उनकी शुरुआत होती -एक राजा था ,वो बड़ा अच्छा था, उसकी प्रजा भी राजा का बहुत मान करती थी ,और हमारा प्रश्न खड़ा हो जाता - क्या करती थी? दादी कहती - मान, और हमारे पल्ले कुछ न पड़ता तब एक ही चारा बचता या तो राजा की कहानी सुन लो या मान को जान लो,और हम राजा की कहानी चुनते मुंह पर उंगली रखकर ,तो मान कभी समझ नहीं आया ,
उन्हीं दिनों जोशी मास्साब हम सब भाई बहनों को गणित पढ़ाने आया करते थे वे समझाते लाभहानि, हमें लाभ मतलब फायदा और हानि मतलब नुकसान समझ आया तो मान का नुकसान उठाते रहे तो मानहानि वही समझा।
जब थोड़ी बड़ी हुई तो लड़की होने के चलते पहले पिता और फिर पूरे परिवार और समाज के मान के बोझ को कंधें पर टिका पाया पर कभी मान को गिरने न दिया ।
मान की हानि पर हर्जाना भी मिलता है, आज समझ आने लगा ,अखबारों में नेताओं के अड़ी-सड़ी बातों पर मानहानि के दावे ठोकने की खबरें देख -देख कर (पढ़कर समय बर्बाद होगा उसका हर्जाना कौन देगा )सो ...
सोचती हूं बचपन से अब तक हुए मेरे मान की हानि के हर्जाने का हिसाब लगाने का काम करवा लूँ किसी अच्छे सी ए को खोज कर, बिना पूछे लड़कियों के काँधे पर घर-परिवार ,समाज ,गांव,तक के मान के रखवाली का जिम्मा जबरन थोपने के लिए …... सी ए से बेहतर कोई नेता ही हायर क्यों न कर लूं हजार नहीं तो सौ नहीं तो दस करोड़ तो मिल ही सकते हैं, क्या ख़याल है ?
Sunday, May 21, 2017
"बिना शीर्ष का -ऑन ड्यूटी"
-साब नमस्ते
-हम्म
-साब जी नमस्ते
-कहा न,हम्म
-जी साबजी
-नाम ?
-मालूम नही
-हें? कहाँ से आया?
-सरसती देस के जुगलबंदी सहर से
-कैसे?
-कलम रस्ते..
-तो,कोई नाम तो होगा न?
-जी मां व्यंग्य बुलाती है
-और बाप?
-नहीं है
-नहीं है? मतलब?
-मतलब इस बार नहीं है
-अबे! बाप तो सबका होता है,हमेशा होता है, तेरा इस बार नहीं हैं,कह रहा है? किसको मूर्ख बनाना चाहता है?सेरोगेसी में भी मां का पता नहीं होता,बाप तो होता ही होता है।
-जी
-फिर?
-मेरा इस बार नहीं है,
-कैसे?
-जुगलबंदी के शहंशाह ने कलम कर दिया सिर ,कहा इस बार बिना सिर के रहो...अपनी दुम के बल पर ....
-पर भला ऐसा क्यों?
- उनका मानना है व्यंगों की जमात के सिर चुनकर लोग उस पर ताज रखते हैं फिर उसका शीर्ष कभी भी, कहीं भी किसी भी तरह इस्तेमाल करने लगते हैं, जबकि मोलभाव पिछलग्गी दुमों का किया धरा होता है👍
-ओह!बात तो सई कही,अब ये बता मेरे पास क्यों आया?
-इस बार भी छपना है,साबजी ! "बिना शीर्षक"
-उससे क्या होगा?
-साबजी दुम के भाव बढ़ेंगे,जुगलबंदी शहर के शहंशाह सरसती देस में नाम कमाएंगे ....
-और ?
-और लोग जान जाएंगे कि व्यंग्य भी "बिना शीर्ष के" जिंदा रहकर यानि छपकर ताज वालों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकता है ।
-शाबास!
-तो हाँ समझूं साबजी
-अरे हाँ, बिंदास जा और फेसबुक वॉल पे ड्यूटी संभाल...."बिना शीर्ष के"
-
Sunday, May 14, 2017
टेलिफोन की याद में
वो काला फोन जिसके डायल में गड्ढे होते थे,उंगली फँसा कर नंबर घुमाना खूब याद आता है,बात करते करते ये एक आवश्यक कार्य हो जाता था कि उस पर जमी धूल झाड़ते चलो ।
जब पहली बार फोन नामक यंत्र का घर आगमन हुआ तो जैसे पंख निकल आये थे हमारे ,खुद को जमीन से थोड़ा ऊपर ही महसूस करते थे।उसे पिताजी के ऑफिस में दाहिने कोने पर सजा दिया गया था एक लंबे तार के साथ जो आये दिन हम बच्चों के पैर पकड़ लेता था, और जब उसकी घंटी बजती ट्रिंग...ट्रिंग... तो हम भाई बहनों में रेस लग जाती कौन पहले उसे उठाएगा ,दौड़ के कई इनाम उसी प्रेक्टिस का नतीजा रहे ।
जितनी खुशी उसके आने से हुई, उतनी ही नफरत उससे तब होती जब दौड़कर पहले पहुंच कर उठाने पर उधर से आवाज आती - जरा अलाने के घर से फलाने को बुला देना , फोन चालू रखकर उनके घर तक दौड़ लगाते वे आते तब तक फोन कट जाता, धीरे धीरे समझ आने लगी बेवकूफी,तब आधे रास्ते से लौटकर कह देते अभी वे घर नहीं,झूठ बोलने की शुरूआत यहीं से हुई थी ...😊
और जब किसी अपने से दूसरे शहर बात करते तो नंबर बुक करना होता ,कभी कभी तो बिचौलिया जी भूल ही जाते कि किसी को कनेक्ट करने है ।
आज भी तीन अंको का नंबर याद है 163 ,कितना आसान होता था याद रखना ,और अब ये 10 डिजिट ..याद नही रहती रे बाबा और ये मोबाइल ने स्मरणशक्ति का सत्यानाश कर दिया वो अलग, सब खुद ही याद रख लेता है ,किसी को बिना बोले संदेश भेज भेज कर बदला लिया जा सकता है उसकी रिंगटोन ऐसे बजती है टुई टुई जैसे कोई सुई चुभा रहा हो बीच में , अब दिमाग के साथ हाथ और आंखों पर भी कब्जा जमा लिया इसने ...
कैशलेस आदमी का मोबाईललेस होना वैसे ही जरूरी हो गया है
मुझे तो चिंता आने वाली पीढ़ी की लगी है ,अनुकूलन के गुण के कारण जब मनुष्यों की प्रजाति की गर्दन एक तरफ से झुकी हुई हो जाएगी .....अंगूठे कोई भी वस्तु को पकड़ने से मना कर देंगे ...
सारे कपड़ों के डिजाईन चेंज होंगे ,लोग कानों से बहरे तो हो ही चुके हैं हेडफोन से ...
खैर! अपडेट रहना भी जरूरी हो गया है सो हमने भी मोबाईल पाल लिया ,लेकिन ये इतने चिकने क्यों आते हैं समझ से परे हैं ,अब तक कोई हाथ से छूट के गिर गया तो किसी को बचाते बचाते भी स्क्रीन चकनाचूर हो गई इस हफ्ते ही ये पहुंचे बीमा स्कीम में नया चेहरा बनवा कर तो लिख दे रही हूँ ,इनकी याद में ....
