Showing posts with label व्यंग. Show all posts
Showing posts with label व्यंग. Show all posts

Wednesday, November 16, 2016

एक हजार,पांच सौ और चुटकियां


१-
जो लोग कल तक खुश थे- अब दुखी हैं, जो लोग कल तक दुखी थे -अब खुश हैं ।
स्टेटस वही -सोच नई!

२-
नास्तिक लोगों के स्टेटस भी उन्हें(प्रधानमंत्री जी) चमत्कारिक बता रहे हैं। .
३-
 :-)What is in your mind ? जुकरबर्ग अब तो न पूछेगा ? हटा दे इसे .
४-
 :-)बुखार आएगा ! हरारत है। ..किसी को कह भी नहीं सकती.... :-(
न जाने क्या समझ लें 
५-
लोग पैसे कैसे बचाएं के बजाय कैसे नष्ट करें की जानकारी ले और दे रहे है 
६-
दो दिन के हालात -
अपने नाम का पहन के कोट,उसने चली है ऐसी गोट
कि हाय मैं क्या कहूँ
किये बंद अचानक नोट, दबाये रखते थे जो वोट
कि हाय मैं क्या कहूँ ..
दिल में थी जिसके खोट,उसी ने खाई तगड़ी चोट
कि हाय मैं क्या कहूँ ..
पिलायी ऐसी घुट्टी घोट कि सब भागे लेकर लोट
कि हाय मैं क्या कहूँ ..

७-
गुप्त दान के लिए घड़ा रख दूं क्या ? दरवाजे पे
८-
मेरे ब्लॉग पर घूम आओ। .. न पैसा लगेगा न लाइन में खड़े होने का झंझट
९-
 :-)मेरा/तुम्हारा देश बदल रहा है , ... और मैं/आप ?
१०-
स्टेटस लाईक करने वालों ज़रा शान्ति धरो , मीडिया की बुरी नज़र पड़ जाएगी
११-
 :-)जो मेहनती होते हैं ,उन्हें तो फिर से क ,ख ,ग करने में कोई आपत्ती नहीं होती , परेशान होते हैं वे जो थोड़े में ज्यादा पाना चाहते हैं ...
१२-
एटीएम बाबा के सम्मान में --- :-) गीत -तेरे द्वार खड़ा भगवानभगत भर दे रे झोली। ....
एक-एक लाईन
१३-
मैं जहां रह रही हूँ , एकदम गाँव वाला इलाका है ५ से १० किलोमीटर में ३ गाँव हैं और एक बैंक। ..लोग बड़े आराम से लाइन में लगकर एकमात्र एटीएम मशीन से पैसे निकाल रहे हैं और ऐसा लग रहा है की एक आदमी दो-दो कार्ड से निकालने के बाद ही बाहर आ रहा है। .... लेकिन लाइन में खड़े होने में कोई जल्दबाजी नहीं। ... दोपहर भर कोई लाइन भी नहीं शाम कामकाज से लौटने वाले ही कल लाईन में थे। ... मुझे भी अभी जरूरत नहीं
१४-
Rachana बता रही थी कि वो जिस एटीएम में गई थी वहां एक अटेंडेंट सबके कार्ड इंसर्ट करके दे रहा था। ... पिन और पैसा कार्ड धारक डालता तब वो हट जाता। ..फटाफट काम हो रहा है सबका।
१५-
सर्वे करने वालों को सर्वे करना चाहिए कि सबसे ज्यादा अनुशासित शहर /राज्य कौनसा है?, किस शहर के लोग हैं ? वहाँ पढेलिखे व अनपढ़ कितने हैं। ... सबसे ज्यादा खाताधारक वाला राज्य कौनसा है /कौनसी बैंक है ?
१६-
पास में एक जनरल स्टोर वाला ५०० के नोट लेकर सामान दे रहा है। .लोगों की सुविधा के लिए। ..
१७-
कई जगह बहुत अच्छे लोग काम कर रहे हैं, और इस नोट बदलने की प्रक्रिया को आसान बना दे रहे हैं -अपने सहज कामों से। ... जैसे मेरे घर के पास वाला जनरल स्टोर वाला ५०० रूपये अब भी लेकर सामान दे रहा है लोगों की सुविधा के लिए। ... बदल जाएगा बाद में कहते हुए
एक और पार्लर चलाती हैं महिला वे भी ५०० लेकर छुट्टे वापस कर रही है। ... बिना एक्स्ट्रा लिए। ..
आज एक जगह का फोटो देखा था कि चाय पिला रहे थे सरदारजी लाईन में प्रतीक्षारत लोगों को
पदम् सिंह जी ने लिखा था मदद के लिए जाने वाले है। ...
रचना ने बताया की अटेंडेंट कार्ड मशीन में लगाकर देने में मदद कर रहा था एटीमए में। .
आशीष जी की गार्गी का जन्मदिन भी वैसे ही मना। .जैसा उन्होने तय किया था
मेरे जैसे कई लोग नेट बैंकिंग से काम चला रहे हैं। ... जो थोड़े से रूपये हैं उसके लिए इंतज़ार किया जा सकता है। ..
तो थोड़ी सी ही सही पर सकारात्मक बाते राह आसान करती हैं जीवन की। ...
१८-
कम से कम लोगों को अपनी पहचान तो खुद रखनी चाहिए , अपनी आई डी किसी और को न दें। ..
१९-
आनेवाले दिनों में जिनके घर विवाह भोज रखा है, वे उसे एडवांस में कर पुण्यलाभ ले सकते हैं (जिन्हें रुपयों की कमी से खाना तक नहीं नसीब हो रहा 
२०-
एक घोषणा की और दरकार है-
बॉर्डर ..पर बिछाये गए -१००-१०० के नोट। ..जल्दी.  जाईये-जल्दी पाईये। ....
भेड़ें तो उधर भी दौड़ पड़ेंगी।या घर में दबी रहेंगी ......:-)
पर छंट तो जाएंगी ही...
२१-
जिन्हें ज्यादा किल्लत हो रही हो ,वे मंदिरों की सीढ़ियों पर भी लाईन में बैठ सकते हैं, मुसीबत में भगवान ही मदद करते हैं,और उसके यहाँ सब एक सामान -क्या अमीर!-क्या गरीब!
२२-
मेरी कामवाली बाई की लड़की की शादी है १८ को कल से छुट्टी रहेगी एक हफ्ते। ... उससे जब पूछा की कोई परेशानी तो नहीं पैसे को लेकर। ..तो बताया कि जिसको जमीन बेची उसने अभी पैसे नहीं दिए। .. मंडप वाले को २५००० देना है खाना ५०००० , बाकि सामान वगैरह सब अलग। .... पांच लाख तो गोल्ड ही लेना है। ...
खाता तो है ,उसने कार्ड से कभी कुछ खरीदा नहीं। ... कोई दिक्कत नहीं कहती है - गोल्ड तो बाद में भी दे सकती हूँ। .. :-)
मैंने कहा -कुछ राशन वगैरह चाहिए तो खरीदवाकर दे सकते हैं कार्ड से ,बोली- नहीं वो तो सब है , पर मंडप और खाने का सब्जी वगैरह का लगेगा। ..
शादी में कुल १० लाख खर्चा होगा ।
मैंने कहा खर्चा बहुत है कुछ कम कर सकती हो, तो जबाब मिला - ये तो सिंपल शादी है। ...
मतलब -
उसके पास काला तो है सफ़ेद की किल्लत है। ..
२३-
हम शुरू से चिल्लर वाले थे। .अब भी चिल्लर वाले ही भले हैं। ...
२४-
आस्तीनों से साँप बाहर निकल कर आ रहे हैं
अपना जहर अपने अपने बिलों में छुपा रहे हैं
सपेरे ने जाने कौनसी ऐसी बीन पा ली है
साँपों की तो छोड़ों नेवलों को भी नचवा रहे हैं
-अर्चना :-)
२५-
ये तो कुछ भी नहीं, इससे ज्यादा लंबी लाईने तो हमारे यहाँ तीर्थयात्रा और हजयात्रा में लग जाती है। ..
२६-
कोई भी छुट्टा माँगने नहीं आया
२७-
ये वक्त है - संवेदनशीलता,परोपकार ,ईमानदारी,दानशीलता,अपनत्व,आत्मनिर्भरता जैसे गुणों की कसौटी पर खुद को कसने का।.
२८-
ये वक्त है खुद से पूछने का- पैसा कमाया या प्यार ? नोट कमाए या लोग ?
२९-
ये वक्त है बच्चों को मितव्ययिता और फ़िज़ूलख़र्ची में अंतर समझाने का। .
३०-
ये वक्त है बच्चों को बचत और संचयिका का महत्व समझाने का 
३१- 
आखिर १०,२० और ५० जिन्हें दिए जाते रहे वहाँ तो होंगे ही 
३२-
ये वक्त है सीमित और संयुक्त परिवार का महत्व समझने का 
३३- याद करिये और जिस-जिस दूकानदार ने एक रूपये के बदले टॉफी पकड़ाई थी ,हिसाब बराबर कर लीजिये 
३४-
अगर सूचना लगा दी जाए की गुटखा ,तम्बाकू आदि खाने वालों को अलग लाईन में लगना होगा तो आधी लाइन अलग हो जाएगी 
३५-
अब तक एडवांड में दिए पैसों का हिसाब हो रहा है। .... 
उधार दो पर लो मत। ... :-) वाला नियम काम आ रहा है। ... (दूध ,कामवाली,और प्रेसवाले को )
३६-
अब गरीब अमीरों को लूट रहे हैं। ..कलयुग है भाई 


:-)

Wednesday, September 7, 2011

अनोखा अनुभव

कल एक अनोखा अनुभव हुआ,(अब ब्लॉग की खबर हो तो अनोखी तो होगी ही),मुझे भूत चढ़ा है पॉडकास्ट बनाने और फ़िर उसे लोगों को सुनवाने का....इस सिलसिले में मुझे कई लोगों के ब्लॉग पर चक्कर लगाते रहना पड़ता है, क्योंकि ये भूत रोज़ कुछ नया और बढ़िया लिखा पसन्द करता है ...

अब होता ये है कि इस चक्कर में जहाँ पहुँचती हूँ वहाँ एक पोस्ट नहीं, सारी देखनी पड़ती है आगे-पीछे...क्योंकि जब पहुँच ही गए हों अच्छी जगह तो लगता है कि दो-चार दिनों का कोटा मिले तो ये भूत बैठे वरना फ़िर सिर चढ़कर नाचने लगेगा....(अब तो परिवार वाले भी तंग आ गए हैं इस भूत से ..पता नहीं किसी दिन मुझे मेरे भूत के साथ जंगल में ही छोड़ आएं)...

हाँ तो जब मैं ऐसे ही खोजते-खोजेते एक ब्लॉग पर पहूँची तो एक मजेदार पोस्ट मिली ...आगे -पीछे भी कुछ चल जाने जैसा ही था..(अब शक हो गया है )...   

फ़िर अपनी आदत से लाचार होकर उस पोस्ट पर एक संकेत छोड़ दिया - जिससे वो समझ सकें कि अब भूत कभी भी आ सकता है और मेरे लिये ये सम्मन भेजने जैसा हो जाता है- कि कम से कम बिना बताये तो नहीं लिया पोस्ट को ...


कई बार होता ये हैं कि मैं पहले पोस्ट खोजकर उसका पॉडकास्ट बना लेती हूँ फ़िर लोगों को सुनवाने से पहले उसके मालिक को सुनवा देती हूँ ताकि भूत भी खुश और पोस्ट का मालिक भी खुश (हाँ कहे तभी औरों को सुनवाती हूँ वरना आप तो जानते ही हैं कि ये ब्लॉगजगत है मेरी तो शामत ही आ जाये एक ओर से ये भूत दूसरी तरफ़ वो पोस्ट का मालिक )जीना मुश्किल (हराम नहीं)....



हाँ तो आगे --हुआ ये कि- पोस्ट तय करने के बाद जब रिकार्ड करने के लिए दुबारा वहाँ पहुँची तो चौंक गई ...एक अन्य सज्जन चुपके से उस पोस्ट मालिक को याद दिला गए थे कि ये पोस्ट उन्होंने कहीं और पढ़ी है ऐसा महसूस हो रहा है ...पोस्ट मालिक भी जल्दी से समझ गया था (चुपचाप)..ये जानकर मैं तो बाल-बाल बची कि ये पोस्ट का मालिक असली नहीं है वो तो कोई और हैं और तब पता चला कि भूत सिर्फ़ मेरे सिर पर ही नहीं चढ़ा है ऐसे और भी लोग हैं जिनके सिर पर इस भूत के परिवार वाले सवार है ...


अब मुझे इस भूत का ख्याल रखने में विशेष सावधानी रखनी होगी (पॉडकास्ट बनाने से पहले भी अनुमति लेना होगी) वर्ना मरने के बाद भी सिर चढ़कर बोलता रहेगा और मैं भूत और मालिक की लड़ाई में बेवजह पिसी जाउंगी और बेकार में ही पाप सिर चढ़ जाएगा..क्या पता अगले जन्म में उसका फ़ल मिलने लगे ...... 


अब खास बात ये कि अगर मुझे सही मालिक का पता न हो और गलती से नकली मालिक से अनुमति ले लूँ तो माफ़ी माँगकर पल्ला झाड़ सकती हूँ न ...

आपकी क्या राय है ???अच्छी पोस्ट जहाँ से पहले मिले वहाँ से चुन लूँ या नहीं ???


Saturday, February 19, 2011

विकासकार्य---की गति,लय और ताल....




 इन्दौर में विकास कार्य सुचारू रूप से चलता दिख रहा है,जगह-जगह सड़के खोद दी गई है ताकि लोगों को दिन-रात चर्चा करने के विषय मिलते रहें काम की बातों के बारे में कोई कुछ न सोच पाए।जिससे बेरोजगारी की समस्या काफ़ी हद तक हल  हो सकती है ।

सड़कों को जिस गति से लम्बाई के बजाय चौड़ाई में बढ़ाया जा रहा है--देखने योग्य है ।कहीं सड़कों के दोनों किनारों पर गड्ढे हैं तो कहीं गड्ढों के किनारे से गुजरने वाली सड़कों का सौन्दर्य देखते ही बनता है
आवागमन सुचारू व नियोजित  रूप से चलाने की जिम्मेदारी स्वयं वाहन चालकों को सौंप दी गई है इस सम्बन्ध में उनका स्वनिर्णय ही उन्हे अन्तिम छोर पर अपनी मंजिल तक पहुँचाने में सहयक सिद्ध हो रहा है ।

सुबह-सुबह राजीव गाँधी प्रतिमा से शिवाजी वाटिका तक का सफ़र काफ़ी रोमान्चक होता है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए  व राजस्व बढ़ाने के लिए  ऐसे नजारे शायद कहीं और देखने को न मिलेंगे।
कुछ अंदाजन व स्वसूत्रों से जानकारी मिली है कि सड़कों के किनारों पर पार्किंग की व्यवस्था आम नागरिक को उपलब्ध करवाई गई है ,जिससे कि ट्रक,बस,टेंकर मालिकों में खुशी की लहर दौड़ी होगी।

कुछ विशेष जगह जो देखने योग्य बन पड़ी है---
१-दीनदयाल उपवन के सामने ----सुबह आठ से साढ़े नौ बजे तक----जहाँ सब्जी वाले एक के पास एक ठेला कतारबद्ध रूप से रोककर सब्जियों को (पानी की टंकी के सामने)स्वास्थ्य कारणों से बेचने से पहले धोते हैं। साथ ही स्वल्पाहार का आनंद भी लेते हैं।



२-अग्रसेन चौराहे के पास सब्जीमंडी वाले मोड़ पर----  सुबह आठ से साढ़े नौ बजे तक----जहाँ आपको दिहाड़ी पर काम करने वाले मजदूर मिलेंगे जिन्हें आप बेधड़क होकर मोलभाव करके सड़क के बीचों-बीच अपनी गाड़ी पर /में बैठे-बैठे ही खरीद सकते हैं।




३-नौलखा चौराहा-------समय दिन भर कभी भी -----जहाँ चौराहे का भरपूर उपयोग किस तरह किया जाता है ...किस ओर से किस ओर जाया जा सकता है,मोड़ शुरू होने के पहले व बाद में कहाँ तक खड़े रह सकते हैं,लाल बत्ती होने पर भी सभी गाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए आगे कैसे जाया जा सकता है ----आप सीख सकते हैं।

और भी कई जगहें हैं ---देखने योग्य सड़कों में होते गढ्ढे और फ़िर गढ्ढों पर बनती सड़कें देखना हो तो -------बस  कोई भी एक रोड़ पर सीधे चलना शुरू कर दिजीये...............
वैसे इस विकास कार्य  में योगदान देने के लिये ओघे,ईय,अन,अर्मा,अंकी,जैसे लोग ---ऎ..................ता  खेलते हैं (जैसे छोटे बच्चों के साथ छुपाछुपी का पहला खेल खेलते हैं)(शाहिद-करीना की फ़िल्म देखकर "फ़" के बदले "अ" की आदत हो गई है आप लोग समझ ही गए होंगे)........

Monday, January 3, 2011

एगो चुराया हुआ पोस्ट...तनि सुनियेगा तो...

एक तो ---नए साल की पहली पोस्ट .....................अऊर दूसरे वो  भी  चुराई हुई............ऊ का कहते हैं ------चोरी त चोरी ऊपर से सीनाजोरी.............
तनि सुनियेगा तो.......अऊर बूझ सके तो बताइयेगा तो------------- ई ---आवाज ...................कहीं सुना है का-----------किसका है ?

Wednesday, September 1, 2010

अबूझ पहेली - बुझो तो जानू ........आज भी पुरानी पोस्ट बस यूं ही माइंड फ्रेश ....

आज मैं कुछ लिखना चाहती हूँ , पर हाथ नहीं चल रहे,
आज मै कुछ दूर चलना चाह्ती हूँ पर , पाँव नहीं उठ रहे ,
आज मैं कुछ कहना चाह्ती हूँ पर ,होंठ नहीं खुल रहे ,
थक चुकी हूँ कहते -सुनते---" जो होता है अच्छे के लिए होता है ",
पर--- वो होता ही क्यों है ? , जो अच्छा नहीं होता ! ,------

कोई लिखता है , कोई पढता है , कोई खाता है , कोई पीता है ,
कोई आता है , कोई जाता है , कोई जीता है ,कोई मरता है ,
कोई हँसता है , कोई रोता है , कोई गाता है ,कोई बजाता है ,
कोई खोता है , कोई पाता है , कोई जागता है, कोई सोता है ,
कोई उठता है , कोई बैठता है, कोई कहता है , कोई सुनता है ,
कोई देखता है , कोई बोलता है , कोई समझता है , कोई बूझता है ,----
----------------??????
???????????????????????????
???????????????????????????????????
----उफ़फ़्फ़्फ़्फ़्फ़्फ़्फ़्फ़्फ़ ,
अजीब पहेली है ये दिमाग को घुमा के रख दिया क्या आप बतायेंगे ???-----

" जो जीता है --- वो खाता है --- जो खाता है --- वो पीता है --- जो पीता है --- वो मरता है --- यानि कि जो जीता है --- वो मरता है --- अब जो मरता है --- वो जाता है --- जो जाता है --- वो आता है --- जो आता है --- वो पाता है --- जो पाता है --- वो खोता है --- जो खोता है --- वो रोता है --- यानि कि जो मरता है --- वो रोता है --- अब जो रोता है --- वो हँसता है --- जो हँसता है --- वो गाता है --- जो गाता है --- वो बजाता है --- जो बजाता है --- वो सुनता है --- जो सुनता है --- वो बोलता है --- यानि कि जो रोता है --- वो बोलता है ---- अब जो बोलता है --- वो खोलता है --- जो खोलता है--- वो ढोलता है --- जो ढोलता है --- वो रखता है --- यानि कि जो बोलता है --- वों रखता है --- जो रखता है --- वो देता है --- जो देता है --- वो लेता है --- जो लेता है --- वो बाँटता है --- जो बाँटता है --- वो पाता है--- यानि कि जो रखता है --- वो पाता है --- जो पाता है --- वो दिखता है --- जो देखता है --- वो लिखता है --- जो लिखता है --- वो फ़ंसता है --- जो फ़ंसता है --- वो देता है --- यानि कि जो पाता है वो देता है --- अब जो देता है --- वो बचता है --- जो बचता है --- वो बोलता है --- जो बोलता है --- वो छपता है --- जो छपता है --- वो छन जाता है --- जो छन जाता है --- वो दिखता है --- जो दिखता है --- वो बदल जाता है --- यानि कि जो बचता है --- वो बदल जाता है --- अब जो बदल जाता है --- वो संभल जाता है --- जो संभल जाता है --- वो चलता है --- जो चलता है --- वो थकता है --- जो थकता है --- वो रुकता है --- जो रुकता है --- वो झुकता है --- जो झुकता है --- वो मानता है --- जो मानता है --- वो जानता है --- जो जानता है --- वो ज्ञाता है --- जो ज्ञाता है --- वो त्राता है --- यानि कि जो बदल जाता है --- वो त्राता है --- अब जो त्राता है --- वो माता है --- जो माता है --- तो भ्राता है--------------शायद इसीलिए --- ऐसे ही ये सब होता रहता है !!!!!!!!!!!!!!!!!!! --- ---------- जो---------------!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!




मेरी इस  पोस्ट पर कुल दो टिप्पणिया मिली थी |पोस्ट ही ऐसी थी |मुझे पता था कोई भी पढेगा तो घूम जाएगा शायद शीर्षक देखकर ही चकरा गया |फिर मैंने इसे अब थोड़ा आसान कर दिया ....दूसरी पोस्ट में ....


पहले जो शब्द मै लिख रही हू उनको ध्यान से पढ़ कर दिमाग में बैठा लीजिये | शुरू करू ?------
ये रही लिस्ट ------
जन्म ,म्रत्यु , पुनर्जन्म , खाना , शराब , नेता ,चोरी , रिश्वत , पुलिस , बयान , ख़बर ,
 चेनल , पैसा , मैडम , राहुल-------- (अब इन जैसे कई शब्दों की लिस्ट हो सकती है कुछ आपकी तरफ़ से भी) ------हो जाए----
ये क्रम में नही जमे है जहां मर्जी हो पढें ( मतलब --क्या ,कौन ,कैसे ,किससे , कहां )-----------समझे ???????? --- हा हा हा --------!!!!!!!!!!!!!!!



अब पुराने कमेंट्स भी पढ़ने हो तो यहाँ जाए ......

पहेली 
हल 













Wednesday, July 21, 2010

कोई तो बताओ !!!


(आज एक पुरानी पोस्ट )------















जबसे लिखने का बीडा उठाया है,
थोड़ा सा भी चैन नहीं पाया है ।
विचारों के तंतु मेरा सर फाड़ते हैं,
और विषय मेरे चारों ओर दहाड़ते हैं।
शब्दों के भंवर में मैं घुमे जा रही हूँ ,
न तो शुरुआत का ,न ही अंत का कोई छोर पा रही हूँ ।
गाँधीजी के तीन बन्दर नजर आ रहे हैं ,
और आज के समयानुसार अपने अर्थ बता रहे हैं।
१- किसी और की मत सुन -कान बंद कर ,
२-जो कुछ हो रहा है होने दे -आँखे बंद कर ,
३-सब कुछ सहता जा -चुप रह ।
भला ये भी कोई अर्थ हुआ ?
एक तरफ़ खाई है तो दूसरी तरफ़ कुआं ।
अब किससे कहें ?,और क्या-क्या सहें ,
समझ नही पाती कहाँ डूबे और कहाँ बहें ?
आओ जरा इन विषयों पर नजर दौडाएं,
फ़िर अपनी बात को आगे बढायें --
अफसरों की कमाई / घोटालों की सफाई ,
चौराहों की शराब दुकाने / नशेडियों के अड्डे -ठिकाने ,
स्कूल -कॉलेजों की बढ़ती फीस / मध्यमवर्गीय लोगो की टीस,
काम करते बच्चे / पुल या मकान कच्चे,
विजेन्दर के मुक्कों की ताकत /लिम्बाराम की माली हालत ,

वॄद्धाश्रम में रहते दादा-दादी /नातीयों को पालते नाना-नानी ,
टूटते सपने /बिछड़ते अपने ,
इंसानियत का खून /हैवानियत का जूनून ,
सुबह की टेम्परेरी जोगींग या नेट पर की जाने वाली ब्लोगींग ।
किस पर लीखूं ,किस पर न ली्खूं ?
अब तक तो चुप थी, क्या अब भी सीखूं ?????????????????

Wednesday, June 23, 2010

तनाव ..............कारण..... ............और.................... निवारण

इन दिनों शिक्षकों को शिक्षा देने के उद्देश्य से स्कूल में सेमिनार चल रहे हैं।कल तनाव मुक्त कैसे किया जाए? ये बताने /समझाने वाले आए थे सभी शिक्षकों को इकठ्ठा कर लिया गया था...............
सबसे पहले बताया गया ------धर्म से न जोडें.......इस बात को ......पूरी तरह अध्यात्मिक है.........
कुछ देर बाद लक्ष्मी जी का उदाहरण देते हुए पूछा गया --वे किस मुद्रा मे रहती हैं चित्रो मे?
तुरन्त जबाब मिला ---हाथ से पैसे नीचे गिराते हुए......
समझाया -----हाँ,इसका मतलब "Don;t hold money " .......वो उपर से आता है और नीचे चला जाता है ....
...अगर होल्ड कर लेंगे तो बहाव रुक जायेगा .......................................
अब मेरा दिमाग दौडने लग गया था (स्पोर्ट्स मे होने से जल्दी वार्मअप  हो जाता है ) ..........वहाँ बैठे सारे शिक्षकों पर नजर सरपट दौड रही थी हर चेहरे से नजर मिलते ही मुस्कराहट का आदान-प्रदान  भी हो रहा था..............और मेरे दिमाग का घोडा ये तय करते जा रहा था कि .........करीब हर धर्म को मानने वाले सभ्रान्त लोग वहाँ बैठे थे  ............अब वो बात जिसके लिए भूमिका बनानी पडी ...........


....................................टेस्ट पेपर ....१................................


नोट :----तीसरा प्रश्न अनिवार्य है ।प्रत्येक प्रश्न के नम्बर निर्धारित है ।प्रश्नों के उत्तर स्पष्ट व अलग -अलग लिखे जाएं ।
जिन विद्यार्थियों को विषय की जानकारी न हों वे परीक्षा में न बैठें।


प्रश्न १:- लक्ष्मी जी का उदाहरण मुझे तो समझ मे आ गया ( बचपन से मंदिर के अलावा कहीं तो भेजा नहीं गया था )मै कभी मस्जिद/गिरजाघर/गुरूद्वारा नहीं गई पर जानना चाहती हूँ वहाँ अन्दर क्या होता है ? मै सोच रही थी जो शिक्षक मुस्लिम/सिख/ईसाइ धर्म के हैं वे इसे किस तरह से  समझ रहे होंगे ?


प्रश्न २:-मेरे स्कूल में हर धर्म को मानने वाले बच्चे पढते हैं मैं चूंकि स्पोर्ट्स टीचर  हूँ पूरे स्कूल्के हर बच्चे के साथ मेरा दिल का रिश्ता बन जाता है ,अब मै सोच रही हूँ-- राहुल/मयूरी को तो मै समझा सकती हूँ ,पर अरबाज़/मनप्रीत या लिलियन को कैसे समझाउं और किससे रिलेट करके ?


प्रश्न३:-इससे तनाव बढा या कम हुआ ?

Wednesday, June 2, 2010

उफ्फ़ !!! कितनी गर्मी है....................

.
उफ्फ़ !!! कितनी गर्मी है ..........सोच रही थी मै कार की खिड़की से बाहर देखते हुए .........छोटे -बड़े सभी मजदूरों को काम करते देखकर ........................
घर पहुची तो ब्लॉग पढ़ने लगी ......उफ्फ़ !!! कितनी गर्मी है ...............सोच रही थी मै ...........छोटे -बड़े सभी का लिखा पढ़कर .....................
सभी को गर्मी होती है ...................
हम जलते है ..........अन्दर से भी .............बाहर से भी ...........
जलना हमारा नसीब है .......जीवित हो तो खुद जलने लगते है .......या दफ़न हो जाते है अपने कर्मो से ...........मृत हो तो जला दिए जाते है .............या दफना दिए जाते है .................
और दोष रोशनी देने वाले सूरज पर लगा देते है .....................उफ्फ़ !!!कितनी गर्मी है ..........

Thursday, April 22, 2010

सोचो जरा ......................

( चित्र गूगल से साभार )


ईश्वर न होता तो क्या होता ?
धरती न होती, आसमां न होता ।

माँ न होती तो क्या होता ?
शायद मैं न होती, तू न होता ।

हम न होते , तो क्या होता ?
कर्म न होता ,धर्म न होता ।

धर्म न होता तो क्या होता?
तू-तू ,मै-मै न होती ,झगडा न होता ।

झगडा न होता तो क्या होता ?
हम न बंटते , और प्यार होता ।

और जरा सोचो .............


प्यार होता----- तो क्या होता ???
मिल के रहते , और गम न होता ।




Thursday, February 4, 2010

अब ये भी कोई बात है ...................................कि बताते हुए भी .................

बहुत दिनों के बाद लिख रही हू --------------------शायद आप लोग भी यही सोच (?????) रहे होगे |अबआपसे क्या बताऊ बताते हुए शर्म आने लगी है ,क्योकि जिसे भी बताया वो पहले तो हँसता है , फिर आश्चर्य करताहै | अब जो हुआ है वो ही तो बताउगी न !!!! सो आपको भी बता ही देती हूँ ----------------
मेरे पैर में फ्रेक्चर हुआ है
कैसे???
टेबल-टेनिस खेलते समय ..........
हा,हा,हा,हा,हा ..............ये भी कोई खेल है जिसमे हड्डी टूट गई ??
हां है तो शर्म की बात ही .............कोई मैदानी खेल खेलते समय टूटती तो बताने में भी अच्छा लगता ,अब तक पूरीजिंदगी खेलते हुए ही बिता दी पर एक बार भी हड्डी नहीं टूटी ,एक तो ऐसा पहली बार हुआ और वो भी ऐसे खेल में ??????????
आगे
का अनुभव बाद में ................(.पैर में दर्द होना शुरू हो गया है ज्यादा देर बैठना मना है ).............
.........

Wednesday, November 11, 2009

हम कहाँ के हैं मम्मी -------?????

ये एक बहुत बडा प्रश्न है मेरे लिए। दरअसल मै जहाँ रह रही हूँ,वहाँ कभी रहूँगी ऐसा मैने सपने मे भी नही सोचा था,मै जहाँ रहती थी वो जगह मजबूरी में मुझे छोड देनी पडी,जहाँ मै रहना चाहती थी वो जगह मुझे नही मिली,अब मै कहाँ रहूँगी ये मुझे नही मालूम,मै एकदम सच कह रही हूँ---
कल भाषा को लेकर जो खबर सुनने में आई तो सब कुछ याद आ गया अपने बारें में-------
मेरा जन्म मध्यप्रदेश के छोटे से गाँव खरगोन में हुआ,पढाई भी यहीं की। शादी हुई,---ससुराल नागपूर, (महाराष्ट्र) में है। हमारे पूर्वज गुजरात में रहते थे , कई पीढी पहले वे शायद रोजी रोटी की तलाश मे वहाँ से चले-------कुछ लोग मध्यप्रदेश मे, व कुछ लोग महाराष्ट्र में जाकर बस गये-------जो लोग मालवा,निमाड, मे आकर बसे उनके रीती रिवाज,बोली, खान-पान,पहनावा, सबमें यहाँ के रहन-सहन व बोली,खान-पान,पहनावा मिल गये ,जो लोग महाराष्ट्र की तरफ़ गये उन लोगो ने वहाँ का पहनावा, रहन-सहन खान-पान बोली सब अपना लिया हम लोगों का आपस में संपर्क भी बहुत कम रह गया।
मेरी शादी हमारे आपसी रिश्ते को मजबूती देने के उद्द्येश से की गयी थी। हमने एक-दूसरे कॊ बहुत समझा भाषा की परेशानी होते हुए भी आपसी सामंजस्य आजतक बरकरार रखा है ।जब मै पहली बार ससुराल गई तो शादी की पार्टी मे बधाई के साथ एक सवाल से मेरा सामना हुआ था-----तुम्हे मराठी नही आती ?अब भला मै क्या जबाब देती? मगर ये सवाल कुछ इस तरह पूछा गया कि मै आज तक भी मराठी नही बोल पाई , मेरी सासुजी मराठी मे कुछ पूछ्ती हैं तो मै हिन्दी मे जबाब देती हूँ और जब मै कुछ पूछ्ती हूँ तो वे मराठी में जबाब देती है हम दोनो को ही आजतक बात करने और समझने में कोइ परेशानी नही आई है|
जब शादी हुई थी पतिदेव आसनसोल( बंगाल ) में कार्यरत थे, तीन वर्ष बाद तबादला हुआ----हम राँची (बिहार) में आ गये। ओफ़िस के कार्य से पति गोहाटी( आसाम) गये थे, वहाँ से किसी कार्यवश शिलोंग (मेघालय ) जाना पडा-----रास्ते में एक्सीडेन्ट हॊ गया-------बहुत गम्भीर चोट आई-----फ़िर गोहाटी, आसाम के बहुत बडे न्यूरोलॊजी अस्पताल में दो महीने कोमा मे रहने के बाद(याददाश्त चली गई थी) चिकित्सकॊ के भरसक प्रयास के बाद, टूटे हाथ का ओपरेशन करवाने तब बाम्बे( महाराष्ट्र) वापस आये----दस बारह दिनॊं के बाद घर नागपूर(महाराष्ट्र) में होने के कारण नागपूर आना तय किया। दो - ढाई माह तक CIIMS (अस्पताल का नाम) में रखने के बाद चिकित्सको ने घर पर ही रखने की सलाह दी सो घर ले आये । कुछ परिस्थितियाँ ऐसी बनी की वापस खरगोन लौटना पडा। अथक प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया न जा सका ।आज इस बात को १४ वर्ष बीत चुके हैं।
ये हादसा हुआ तो जिन लोगो ने मेरी व हमारे परिवार की मदद की वे भारत के हर प्रान्त के सदस्य थे मै उन सब की आभारी हूँ ,एक-दूसरे की भाषा न जानने पर भी सहयोग भरपूर मिला, हम एक दूसरे की सारी बातें भी समझ गये।
मुझे आज भी याद है क्रष्ण्न साहब ने मुझे इस हादसे की खबर सुनाई थी ,सिंग जी के यहाँ मै दोनो बच्चो---५वर्षीय बेटी पल्लवी और ७वर्षीय बेटे वत्सल को अकेले छोड्कर शाशिदादा(मेरे कजिन जेठजी) के साथ पहली बार हवाई यात्रा कर कलकत्ता पहूँची थी ,वहाँ से दूसरे दिन ही उडान थी गौहाटी के लिये इसलिए दास साहब के घर मुझे रुकवाया गया था वहाँ मेरी दादी और नानी जैसी उनकी माँजी और बुआजी रात भर मेरे सिर पर हाथ फ़ेरते हुए मेरे सिरहाने जागते बैठी रही। सुबह इनके साहब रामचन्द्रन साहब भी हमारे साथ गौहाती के लिए रवाना हुए थे-----जब मै होस्पिटल मे पहूंची तो डाक्टर चक्रवर्ती सीढी पर ही अपने साथियो के साथ मेरी राह देख रहे थे ।रात गेस्ट हाऊस मे आने पर जब घबराकर मेरी रुलाई रोके नही रुक रही थी तक २ बजे रात में गेस्ट हाउस मे काम करने वाले पूर्वोत्तर के भाईयो ने मुझे चाय बनाकर पिलाई, वे भी मेरे साथ जागते रहे थे । सुबह एक कार ओफ़िस की ओर से अस्पताल आने -जाने के लिए व दवाई वगैरा की व्यवस्था के लिए दी गई। उसके ड्राईवर विजय यादव कॊ मै मरते दम तक नही भूल सकती दिन रात जागकर विजय ने हमारे लिए जो कुछ भी किया उसके लिए मै उसे नमन करना चाहती हूँ । विजय जब चौथी कक्षा में पढता था ,बिहार के एक गाँव से भागकर वहाँ पहूंचा था,उसने हमसे पारिवारिक रिश्ता~ कायम किया था | वहाँ जो दो बडे साहब मुझसे मिले वे चालना साहब पंजाब व वर्मा साहब उत्तरप्रदेश के रहने वाले थे , दो माह तक इन दोनो परिवारों ने मेरा, मेरी माँ,भाई सास-ससु्र जी का अपने परिवार के सदस्यों की तरह ध्यान रखा । खैर !!!

बात ये नही थी कि मेरे साथ क्या हुआ था बात ये है कि जब ये हादसा हुआ तो मेरे बच्चे बहुत छोटे थे ,वे आसनसोल में बंगाली भाषा समझते थे,फ़िर बिहारी भाषा का प्रभाव उन पर पडा।.( इस बीच करीब चार माह तक वे स्कूल नही जा पाये थे) परिस्थितिवश वे नागपूर में करीब डेढ साल तक रहे वहाँ मराठी से सामना हुआ फ़िर खरगोन यहाँ गुजराती -----जिसमे कि स्थानीय भाषा का प्रयोग ज्यादा किया जाता है, समझने की कोशीश करते रहे .............दोनो की पढाई अंग्रेजी माध्यम से हुई -------आज बेटा नोइडा में है उसका बोलने का लहजा वहीं के लोगॊ की तरह का है परन्तु सारी भाषाओ जिनसे उसका सामना हुआ समझता है , व बेटी पूना में ग्रेजुएशन करने के बाद बंगलोर में है मराठी अच्छी तरह से बोल लेती है और आश्चर्य नही होगा कि थोडे दिनॊ में दक्षिण भारतीय भाषाओं कॊ थोडा समझने लगे ।

आज भी मुझसे जब ये प्रश्न पूछा जाता है कि आप कहाँ के है? तो मै खुद सोच में पड जाती हूँ कहती हूँ वैसे तो हम गुजराती ब्राह्नण हैं मगर ससुराल में मराठी रिति-रिवाज माने जाते हैं,पर मुझे वहाँ रहने का मौका नही मिला, मै बंगाल,बिहार मे महाराष्ट्र से ज्यादा रही, लेकिन अभी मध्यप्रदेश मे रहती हूँ ...........अगले २-३ सालो मे बच्चों की नौकरी जहाँ लगेगी वहाँ रहूँगी इसलिए मैं कहाँ की हूँ????पता नहीं ..................
और अब बच्चे बडे हो गये हैं ये सवाल उनके सामने भी आयेगा और वे फ़ोन पर मुझसे पूछेंगे हम कहाँ के हैं मम्मी ?????